सिल्वर जुबली एहसास

@सिल्वर जुबली एहसास@ 
💐💐💐💐💐💐💐💐
विवाह एक संस्कार, अवसर या उत्सव से भी कहीं अधिक मानव के जीवन काल की सबसे विशिष्ट और सर्वाधिक महत्वपूर्ण प्रघटना होती है, जो ना केवल  व्यक्ति को अपितु पूरे परिवार और समाज को गहराई से प्रभावित करती है।।
28 जून 1993 का दिन मेरे जीवन में एक अहम पड़ाव के रूप में आया। जीवन साथी के रूप में धर्मपत्नी पुष्पा के साथ 7 जन्मों का नॉक आउट मैच शुरू हुआ। यद्यपि मैं मज़ाक में हमेशा ये कहता था कि ये सातवाँ जन्म है इसके बाद पीछा छूट जाएगा, जबकि पुष्पा का ये दृढ़ विश्वास है कि ये पहला नहीं, सातवाँ नहीं बल्कि जनम जनम का साथ है। इस विश्वासपूर्ण अलौकिक केमिस्ट्री के आगे मैं निःशब्द  हूँ। निःसंदेह किसी भी जनम में मैं जीवनसाथी के रूप में पुष्पा के अलावा किसी की कल्पना भी नहीं कर सकता।।
25 साल के इस सफर में हँसी, खुशी और उल्लास के साथ साथ काफ़ी उतार चढ़ाव और अनेक प्रकार के संकटों कंटकों का भी सामना करना पड़ा। लेकिन पुष्पा के धैर्य, समर्पण , संकल्प तथा समझदारी ने सदैव डैमेज़ कंट्रोल कर उन्हें कभी हावी नहीं होने दिया।।
पुष्पा की ईश्वर के प्रति और विशेष रूप से कृष्णधाम श्री गोवर्धन के प्रति अथाह आस्था, समर्पित भक्ति ने मुझे नास्तिक से आस्तिक बनाकर श्रद्धा और विश्वास में डुबो दिया। प्रति माह गोवर्धन परिक्रमा, नियमित भजन सत्संग और अनवरत व्रत उपवासों ने अब मेरी गौरी को  भगतजी के रूप में रूपांतरित कर दिया। जीवनसाथी के रूप में  मेरे जीवनपथ की हर उलझन को सुलझाते हुए जीवन के हर सुख दुःख में हौसला, सम्बल और आनंद देकर कभी मुझे हताश नहीं होने दिया। माँ के असमय चले जाने से जीवन में आये खालीपन को पूर्ण कर मुझे कभी निराश और ग़मज़दा नहीं होने दिया। यहां तक कि मेरे पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों को बखूबी संभालने व निभाने का पूरा क्रेडिट  भगतजी को ही जाता है। कमोबेश मेरे सभी kin n kiths मुझसे ज्यादा भगतजी से मिलने और बात करने में अधिक आनंदित होते हैं। भगतजी का  We Feeling और EQ का लेवल लाजवाब है। आज वह एक सफल  पारिवारिक जीवन  तथा जीवन प्रबंधन की कुशल काउंसलर भी बन चुकी है।।
 हकीकत यह है कि आज मैं हमसफर पुष्पा के बिना अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकता।।
 करीब 25 किताबें और सैंकडों लेख आलेख लिखने के बावजूद 25 साल के दरमियान अपने वैवाहिक जीवन और जीवनसाथी के बारे में पहली बार सार्वजनिक रूप से कुछ  लिखने का साहस कर रहा हूँ । हो सकता है ये मेरी AUTOBIOGRAPHY का आगाज़ हो रहा हो।।
खैर ! 
जीवन में अविरल प्रेम, हर्ष, उल्लास एवं समृद्धि प्रदान करने वाली जीवन संगिनी पुष्पा गौरी  भगतजी के साथ  25 वर्ष पूर्ण कर अनंत, अपार, अद्वितीय और असीम एहसास लिए एक और आशावादी उल्लासपूर्ण  जीवन यात्रा की ओर निरंतर अग्रसर .… 
💐💐💐💐💐💐💐💐💐💐💐
जनम जनम का साथ है हमारा तुम्हारा ...

No comments:

Post a Comment